रेलवे स्टेशन के बाहर 24 घंटे खुले रहेंगे दो स्टाल

बिलासपुर 22 जनवरी (वेदांत समाचार)।  यात्रियों को अब स्टेशन के बाहर भी 24 घंटे दैनिक उपयोग की वस्तुएं व खाने-पीने का पैकेट बंद सामान मिलेगा। इसके लिए रेलवे जोनल स्टेशन के बाहर दो स्टाल संचालित करेगी। इसका टेंडर भी हो गया है। संचालन की जिम्मेदारी लेने वाले को 45 दिन के भीतर स्टाल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह योजना रेलवे बोर्ड की है। इसके लिए सभी जोन मुख्यालय को निर्देश दिए गए थे। जोन से भी रेल मंडल को निर्देश देकर इस सुविधा को शुरू करने के लिए कहा गया। इसके तहत ही बिलासपुर रेल मंडल ने टेंडर आवेदन मंगाया था। साथ ही उस जगह की जानकारी भी दी गई, जहां यह स्टाफ संचालित होंगे। इसमें एक रेलवे आरक्षण केंद्र के बाजू में और दूसरा गेट नंबर चार प्रवेश सड़क की तरह खुलना है। सर्कुलेटिंग एरिया होने के कारण रेलवे का मानना है कि इसे रेलवे स्टेशन की तरह 24 घंटे खोला जा सकता है।

24 घंटे खोलने का फायदा यात्रियों को मिलेगा। वे तकिया, साबुन, तेल से लेकर खाने-पीने की चीजें खरीद सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधी रात को भी भटकना नहीं पड़ेगा। इससे रेलवे को भी राजस्व प्राप्त होगा। हालांकि यह बहुउद्देश्यीय स्टाल नहीं है पर सामान सभी मिलेंगे। रेलवे स्टेशन में कुछ पुराने स्टालों को बहुउद्देश्यीय स्टाल के रूप में तब्दील किया गया। इसमें मेडिकल स्टोर व बुक डिपो शामिल हैं। अब यहां सभी तरह के सामान बिक रहे हैं। यह स्टाल अतिरिक्त सुविधा होगी। जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। जल्द दोनों स्टाल अस्तित्व में आ जाएंगे। बिलासपुर के साथ- साथ रायगढ़, चांपा व शहडोल रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में यह सुविधा शुरू की जा रही है।