मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की भर्तियों में प्राथमिकता देने और कलेक्ट्रेट पर वेतन देने सहित तीन मांगों को लेकर भूख हड़ताल

कोरबा ,20 जनवरी (वेदांत समाचार)। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की भर्तियों में प्राथमिकता देने और कलेक्ट्रेट पर वेतन देने सहित तीन मांगों को लेकर भूख हड़ताल कर रहे जीवनदीप समिति के कर्मचारियों को आखिरकार मना लिया गया है। वे काम पर लौट आए हैं। नगर निगम के आयुक्त प्रभाकर पांडे और सिविल सर्जन ने आज भूख हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की।

कोविड काल मैं स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं की जरूरत पर अधिकारियों ने जोर दिया इसी के साथ उनके वेतन में आंशिक बढ़ोतरी करने सहित अन्य मांगों का निराकरण करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान जीवनदीप कर्मचारी संघ के द्वारा स्पष्ट रूप से लिखित में जानकारी देने की बात कही। काफी देर तक विचार मंथन के बाद कर्मचारियों ने अपने तेवर में नरमी लाई और काम पर लौटे। लेकिन उन्होंने फिर कहा है कि अगर निश्चित समय अवधि में मांगों का निराकरण नहीं किया जाता है तो उन्हें फिर से आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।