15 फरवरी तक चलेगा कांग्रेस का सदस्यता अभियान

रायपुर 20 जनवरी (वेदांत समाचार)।  छत्‍तीसगढ़ राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने सदस्यता अभियान और बूथ कमेटी को मजबूत करने पर फोकस किया है। इसके साथ ही पार्टी ने विधानसभा स्तरीय सम्मेलन की भी शुरुआत कर दी है। कांग्रेस ने प्रदेश में 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए जिला संगठन से लेकर ब्लाक संगठन तक को 15 फरवरी तक की डेडलाइन दी गई है। इस दौरान सदस्यता बुक को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जमा करना है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि अब तक तीन लाख से ज्यादा सदस्य बनाए जा चुके हैं। इसकी सदस्यता बुक पीसीसी को जमा कर दी गई है। जिलों में तय लक्ष्य का 60 फीसद तक सदस्यता पूरी कर ली गई है। सदस्यता अभियान में जिला कांग्रेस कमेटी के साथ ब्लाक कांग्रेस कमेटी और युवक कांग्रेस भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने ब्लाक स्तर पर संगठन खड़ा किया था। अब इस संगठन को और मजबूत करने का काम किया जा रहा है।

मरकाम ने बताया कि कांग्रेस के पक्ष में जितने सदस्यों ने वोट किया, उनके परिवार तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है। पार्टी को हर वर्ग ने समर्थन दिया है। आदिवासी क्षेत्र से लेकर मैदानी इलाकों में कांग्रेस के समर्थकों की संख्या बढ़ी है। इन समर्थकों को सदस्य बनाकर पार्टी से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

प्रदेश संगठन में होगा विस्तार, बनेंगे 90 सचिव

प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विस्तार की भी तैयारी चल रही है। मरकाम ने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि हर विधानसभा से एक-एक सदस्य को संगठन में जिम्मेदारी दी जाए। ऐसे में प्रदेश सचिव के पद पर करीब 90 सदस्यों की नियुक्ति होगी। इसमें विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। वे पार्टी की नीतियों और सरकार के कामकाज को विधानसभा स्तर पर पहुंचाने का काम करेंगे।

सदस्यता सूची का कंट्रोल रूम कर रहा सत्यापन

जिलों से प्रदेश मुख्यालय पहुंची सदस्यता सूची का सत्यापन किया जा रहा है। पीसीसी के कंट्रोल रूम से रोजाना 200 सदस्यों को फोन किया जा रहा है। सदस्य के मोबाइल नंबर का सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही वोटर आइडी, बूथ और अन्य विषयों की जानकारी ली जा रही है। प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि अब तक बोगस सदस्यता के मामले सामने नहीं आए हैं। जिलों से पहुंची सूची की आगे भी जांच की जाएगी।