रायगढ़, 31 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाए गए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन शनिवार को पुलिस सामुदायिक भवन परिसर में किया गया। समापन कार्यक्रम में माहभर चली विभिन्न जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले स्कूली विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थाओं के प्रति रायगढ़ पुलिस ने आभार व्यक्त किया।
समापन कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, पूर्व सभापति सुरेश गोयल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह मंचासीन रहे। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी हैं। इसे कम करने के लिए पुलिस विभाग परिवहन विभाग, एनएच, पीडब्ल्यूडी सहित अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यहां से “संदेशदूत” बनकर जाएं और अपने घर-परिवार व समाज में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाएं। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से उन्होंने आग्रह किया कि वे परिवार के प्रत्येक सदस्य को हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि उनका प्रभाव सबसे अधिक होता है।
महापौर जीवर्धन चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता और अनुशासन बेहद जरूरी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने अपने संबोधन में हेलमेट के महत्व और यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां कई जिंदगियां बचा सकती हैं। प्रत्येक नागरिक को स्वयं नियमों का पालन करते हुए दूसरों के लिए भी उदाहरण बनना चाहिए
डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने सड़क सुरक्षा माह के दौरान किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में जागरूकता रथ, नुक्कड़ नाटक, हेलमेट वितरण एवं हेलमेट जागरूकता रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे माह के दौरान 1850 छोटे-बड़े वाहनों में रेडियम टेप लगाए गए। अमलीभौना एनएच रोड एवं ट्रॉमा सेंटर पूंजीपथरा में नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर लगभग 645 भारी वाहन चालकों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा 42 शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं से संवाद कर सुरक्षित यातायात की जानकारी दी गई। रामलीला मैदान में नवीन वाहन चालकों के लिए लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित कर 278 चालकों को लाभ पहुंचाया गया।
विद्यालय स्तर पर “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” विषय पर चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 18 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। ग्रामीण अंचल के दोपहिया वाहन चालकों को जिन्दल फाउंडेशन, अडानी ग्रुप एवं अनुज सिंह ट्रांसपोर्टर के सहयोग से निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में साधुराम विद्या मंदिर, संस्कार पब्लिक स्कूल एवं श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित नागरिकों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुति के माध्यम से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग का सशक्त संदेश दिया गया।
समापन अवसर पर सभी अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस स्टाफ, पुलिस परिवार, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



