[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

श्री सत्यनारायण बाबा जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

श्री सत्यनारायण बाबा जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 30 जनवरी। सोशल मीडिया पर सत्यनारायण बाबा जी के संबंध में अभद्र, अशोभनीय एवं निंदनीय टिप्पणी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोरबा से पकड़कर कोतरारोड़ पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फेसबुक अकाउंट “Soozoo” नामक आईडी से सत्यनारायण बाबा जी को लेकर आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट साझा की गई थी। इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। मामला जैसे ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी कोतरारोड़ को अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देशों के परिपालन में थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 एवं 299 में मामला दर्ज किया गया। साइबर एक्सपर्ट टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की, जिसके बाद एक टीम कोरबा रवाना की गई। कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी सलिहाभांठा, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में मामले की विस्तृत विवेचना जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में गठित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री का प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

[metaslider id="133"]

Vedant Samachar