Vedant Samachar

ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने 55 लाख का गांजा पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

जशपुर। नशे के कारोबार पर सख्ती से प्रहार करते हुए जशपुर पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने क्रेटा कार में छुपाकर ले जाए जा रहे 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक UP-32-HF-0299) में गांजा छुपाकर कुनकुरी होते हुए नारायणपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम रानीकोंबो मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट के नीचे और डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखे गए पीली टेप से लिपटे 180 पैकेट गांजा बरामद किए गए। मौके से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. शान मोहम्मद उर्फ सानू (22 वर्ष), निवासी जगदीशपुर, मानपुरलाल, लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
  2. सुहैल अहमद (19 वर्ष), निवासी सरौरकला, कमलापुर, थाना सीतापुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश)

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। पुलिस ने लखनऊ में एक अन्य तस्कर को भी चिन्हित किया है, जिसकी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी। जब्त मोबाइल फोन के डाटा की जांच जारी है।

इस मामले में थाना नारायणपुर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(2)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज तथा आरक्षक अविनाश सोनी व कुलदीप खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर ने बताया कि नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article