ट्रैक्टर की किस्त लेने गए बैंक कर्मचारियों की ग्रामीणों से झड़प, लाठी-डंडे से पीटा, जीप के कांच फोड़े

भोपाल 10 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के हैदर गांव में रविवार शाम एक निजी बैंक के कर्मचारी ट्रैक्टर की किस्त लेने गए थे। जैसे ही वे ट्रेक्टर चालू करके लाने लगे तो ग्रामीणों से उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीण आक्रोशित होकर किस्त वसूलने आए लोगों की जीप को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी।

हैदर गांव के कपूर सिंह ने एक प्राइवेट बैंक से अपना ट्रैक्टर फाइनेंस करवाया था। जिसकी किस्त उसने जमा नहीं की थी। दो जीप से 15 से अधिक अधिक लोग फाइनेंस वसूली करने के लिए गांव पहुंचे। वहां जाकर वे कपूर से बातचीत किए। लेकिन इसी दौरान वाद विवाद बढ़ता चला गया। वसूली वाले ट्रेक्टर को स्टार्ट करके ले जाने लगे। तभी गांव की महिला और पुरुष आक्रोशित हो उठे। वे वसूली करने वाले लोगों पर टूट पड़े। तभी एक ग्रामीण ने ट्रेक्टर को स्टार्ट करके रिवर्स में जा रही जीप को टक्कर मार दी। जीप चालक ने जीप को बचाना चाहा तो ग्रामीणों ने फिर से टक्कर मार दी। किस्त वसूलने आए लोग वहां से जैसे-तैसे जान बचाकर भाग गए। ग्रामीणों ने किस्त वसूली करने आए लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। उन्होंने जीप के सभी कांच तोड़ दिए।

कर्मचारियों ने देहात थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और आरोपियों से बात की।