बिलासपुर, 19 जनवरी । एसईसीएल के महिला कल्याण समाज द्वारा ज्ञानदीप कन्या विद्यालय (दृष्टि बाधित) में एक सराहनीय सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को राशन सामग्री, फल, बिस्किट, तिल के लड्डू सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया। यह सेवा कार्यक्रम श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण समाज की पदाधिकारियों ने दृष्टि बाधित बच्चों की प्रतिभा को निकट से देखा और अनुभव किया। समाज की सदस्यों ने कहा कि ये बच्चे ईश्वर की अनुपम कृति हैं, जिनमें अद्भुत और विलक्षण प्रतिभा विद्यमान है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत-संगीत, स्वरचित कविताएँ एवं वाद-विवाद की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक और प्रेरित कर दिया।
इस अवसर पर सभी सदस्यों एवं बच्चों ने मिलकर गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ किया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं सकारात्मक बन गया। साथ ही शेफाली घोष द्वारा बच्चों को ‘गुड टच – बैड टच’ विषय पर जागरूक किया गया, ताकि उनमें आत्म-सुरक्षा के प्रति समझ और सजगता विकसित हो सके।
यह संपूर्ण सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम महिला कल्याण समाज की सचिव श्रीमती माधुरी तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज की सक्रिय सदस्याएँ श्रीमती रेहाना खान, कविता घोष, कृति गंगाजली, पुष्पलता पटेल, सरोज वस्त्रकार, शेफाली घोष, सविता चौहान एवं सुनीता जायसवाल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय सहभागिता रही।



