ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप – vedantsamachar.in

ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बिलासपुर 10 मई 2026। ​जिले के बेलगहना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि दीक्षा को उसके पति और सास द्वारा लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी जानकारी उसने कुछ दिन पहले फोन पर अपने भाई को भी दी थी। अब इस मामले में परिजनों ने निष्पक्ष जांच के लिए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी और न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जांच कराने की मांग की है।

मृतका के भाई ने मीडिया को बताया कि पिछले एक हफ्ते से दीक्षा काफी परेशान थी। उसने फोन पर अपनी तकलीफ साझा करते हुए कहा था कि उसके ससुराल वाले उसे बहुत तंग कर रहे हैं। परिजनों ने शुरू में इसे पारिवारिक अनबन मानकर समझाने की कोशिश की, लेकिन पिछले दो दिनों से दीक्षा का मोबाइल बंद आने लगा। जब कल शाम उसके ससुर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बात कराने से साफ इनकार कर दिया और बाद में तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। कुछ ही देर बाद ससुराल पक्ष ने सूचना दी कि दीक्षा पलंग से गिर गई है और उसकी मृत्यु हो गई है, जिससे परिजनों को गहरी साजिश का अंदेशा हो रहा है।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों को संदेह है कि दीक्षा को जहर देकर या किसी अन्य तरीके से मौत के घाट उतारा गया है। उन्होंने बेलगहना पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे तब तक संतुष्ट नहीं होंगे जब तक चार डॉक्टरों की टीम और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम नहीं किया जाता। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।