Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक, वर्ष 2026 के वर्कप्लान पर सख्त निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 18 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आज 18 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक वर्ष 2026 के वर्कप्लान के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर गहन समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीजल चोरी, अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त एवं सतत कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, लंबित अपराध, शिकायत एवं मर्ग प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने हेतु संवेदनशील, जिम्मेदार एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग अपनाने पर बल दिया।

बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने, सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर, स्थापना प्रभारी कृष्ण साहू सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Share This Article