Vedant Samachar

बिलासपुर–मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के वाहनों के कटे पार्ट्स से भरी हाईवा जब्त, तिफरा स्थित कबाड़ी दुकान सील

Vedant samachar
3 Min Read

मुंगेली, 17 जनवरी (वेदांत समाचार)। बिलासपुर एवं मुंगेली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के वाहनों के अवैध कटान और उनके पार्ट्स की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में लाखों रुपये मूल्य के कटे हुए वाहन पार्ट्स से भरी एक हाईवा को जब्त किया गया, वहीं बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में स्थित कबाड़ी फिरोज मेमन की दुकान को विधिवत सील कर दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी 2025 की रात मुंगेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर की ओर से सरगांव मार्ग होते हुए चोरी की गई मोटरसाइकिलों एवं अन्य वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स एक हाईवा वाहन में भरकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सायबर सेल मुंगेली एवं थाना सरगांव पुलिस की टीम ने सरगांव हाइवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध हाईवा वाहन को रोककर जांच की।

जांच के दौरान हाईवा में मोटरसाइकिल, कार एवं अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, बैटरियां तथा लोहे का अन्य सामान पाया गया। वाहन चालक की पहचान रूपनाथ सिंह पिता सोबरन मरकाम, उम्र 23 वर्ष, निवासी खड़गवा, थाना खड़गवा, जिला चिरमिरी के रूप में हुई। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह सामान फिरोज मेमन, निवासी तिफरा, बिलासपुर द्वारा खरीदा गया था, जो चोरी की गई गाड़ियों को अपनी कबाड़ी दुकान में कटवाकर उनके पार्ट्स का व्यापार करता है।

पुलिस ने हाईवा वाहन सहित सभी कटे हुए वाहन पार्ट्स को थाना सरगांव में धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

इसके बाद 16 जनवरी 2025 को सायबर सेल मुंगेली एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस, बिलासपुर द्वारा संयुक्त रूप से तिफरा स्थित आरोपी फिरोज मेमन की कबाड़ी दुकान में छापामार कार्रवाई की गई। छापे के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिल, कार, ट्रक एवं अन्य वाहनों के कटे हुए पार्ट्स, लोहे की सामग्री, वजन मशीन, लोहे काटने की मशीन, गैस कटर, गैस सिलेंडर एवं कंप्रेशर मशीन बरामद की गई। पुलिस ने दुकान को विधिवत सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी फिरोज मेमन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा प्रभारी सायबर सेल मुंगेली, निरीक्षक किशोर कैवर्त प्रभारी थाना सिरगिट्टी बिलासपुर, उप निरीक्षक संतोष शर्मा प्रभारी थाना सरगांव सहित मुंगेली एवं बिलासपुर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि इस मामले से वाहन चोरी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।

Share This Article