किसानों ने किया 1.36 लाख क्विंटल रबी बीज का उठाव

रायपुर 08जनवरी (वेदांत समाचार)।  कृषि विभाग एवं छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा रबी फसलों के बीज का भण्डारण सहकारी समितियों में लगातार किया जा रहा है। सहकारी समितियों, कृषि विभाग, बीज उत्पादन कार्यक्रम एवं निजी क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के रबी फसलों के बीज 1,70,412 क्विंटल बीज उपलब्ध हैं, जिनका वितरण किसानों को किया जा रहा है। कृषकों द्वारा अब तक 1,36,780 क्विंटल बीज का उठाव किया गया है।

छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं विकास निगम द्वारा राज्य में किसानों की मांग के अनुसार रबी फसलों के प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इस साल रबी सीजन में दो लाख 92 हजार क्विंटल रबी बीज की डिमांड है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी सीजन 2021-22 के लिए बीज निगम एवं अन्य स्रोतों से अब तक 1,70,412 क्विंटल प्रमाणित बीज का भण्डारण समितियों में कराया गया है। किसानों द्वारा अब तक 1,36,780 क्विंटल बीज का उठाव किया जा चुका है, जिसमें गेंहू 78,129 क्विंटल, चना 38,243 क्विंटल, मटर 3046 क्विंटल, सरसो 3331 क्विंटल तथा अन्य रबी फसलों के बीज 14,021 क्विंटल का उठाव किसानों ने किया है, जो कि भण्डारण का 80 प्रतिशत है।