Vedant Samachar

वैष्णो देवी के लिए 18 जनवरी तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे का फैसला….

Vedant Samachar
2 Min Read

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04081/04082 के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04081, जो नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलती है, पहले 27 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक संचालित की जा रही थी, अब इसे 16 और 17 जनवरी तक चलाया जाएगा।

ट्रेन के कुल दो अतिरिक्त ट्रिप होंगे। इसी तरह ट्रेन संख्या 04082, जो श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के बीच संचालित होती है, पहले 28 दिसंबर 2025 से 11 जनवरी 2026 तक चलाई जा रही थी अब इसे 17 और 18 जनवरी को दो अतिरिक्त ट्रिप के साथ चलाया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि विशेष आरक्षित ट्रेन का संचालन पहले भी बेहद सफल रहा है।

कोहरे के कारण जम्मू आने वाली चार ट्रेनें रद, कई घंटों देरी से पहुंचीं

कोहरे का असर रेल यातायात पर जारी है। कई दिनों की तरह वीरवार को भी जम्मू आने वाली कई रेलगाड़ियां रद रहीं, जबकि लंबी दूरी की अनेक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंची।

ट्रेनों की लेटलतीफी और रद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी रही। वीरवार को रद की गई ट्रेनों में वेरावल – सोमनाथ एक्सप्रेस, दिल्ली सराय रोहिल्ला- माता वैष्णो देवी कटड़ा एसी एक्सप्रेस, अमृतसर-कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस तथा जम्मू मेल शामिल हैं। ट्रेनों में लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं।

Share This Article