जांजगीर : जिले के 70.66 प्रतिशत किसानों से धान खरीदी पूर्ण, खरीदे गए धान में से 52.42 प्रतिशत धान का उठाव

0 अब किसानों को स्वयं के बारदाने में धान लाने जरूरत नहीं ।

जांजगीर-चांपा, 07 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में समर्थन मूल्य पर 70 प्रतिशत से अधिक किसान अपना धान बेच चुके हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले में कुल 239 उपार्जन केन्द्रों की व्यवस्था की गई है। जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

लक्ष्य के विरूद्ध 65.1 प्रतिशत धान खरीदी पूर्ण

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रारंभ तिथि 1 दिसंबर से अब तक 1,41,257 किसानों द्वारा 5,93,005.4 टन धान बेचा जा चुका है। खरीदे गए धान में से 52.42 प्रतिशत धान का उठाव हो चुका है। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में 1,99,922 पंजीकृत किसान है। जिनमें से 1,41,257 किसानों ने अर्थात 70.66 प्रतिशत किसानों ने धान बेच चुके हैं। जिले में कुल 9,10,973 टन धान खरीदी का लक्ष्य है। लक्ष्य के विरूद्ध 65.1 प्रतिशत धान खरीदी अब तक हो चुकी है।

शुक्रवार 7 जनवरी को 15,806.44 टन धान की खरीदी


आज शुक्रवार 7 जनवरी को 4.30 बजे तक ऑनलाईन जानकारी के अनुसार 15,806.44 टन धान की खरीदी की गई है। सभी समितियों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। अब किसानों को स्वयं के बारदानों में धान लाने की आवश्यकता नही है।