8 माह है उम्र, आपसी संर्घष में मौत की आशंका; एक साल में मिला चौथा शव

बिहार के इकलौते वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (Valmik Tiger Reserve) में एक शावक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बाघों की गणना के दौरान कैमरा ट्रैप से की जा रही मॉनिटरिंग के साथ महज चार महीने में लगातार तीसरे बाघ (Tigress Death) की मौत ने वन विभाग को सकते में डाल दिया है। बुधवार को मिला शव वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र के कालेश्वर के पास भारत नेपाल सीमा पर मिला। पिछली गणना के अनुसार, अब VTR में 43 वयस्क और 7 शावक बाघ बचे हैं।

बाघों से आपसी संघर्ष में मौत की आशंका

जिस बाघिन की मौत हुई है, वह मात्र 8 महीने की शावक है। VTR के क्षेत्र निदेशक हेमकांत राय ने शव मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जहां पर शावक की मौत हुई है, वहां से कुछ ही दूरी पर बाघों को ट्रैक करने के लिए कैमरा लगाया गया है। उसकी मेमोरी चेक करने पर एक बाघ और बाघिन को देखा गया।

रिपोर्ट के आने का इंतजार

वन संरक्षक ने बताया कि उसी में किसी ने शावक पर हमला बोल दिया होगा। शावक के गले और माथे पर गहरा जख्म है। उन्होंने आशंका जताई कि आपसी संघर्ष में मौत हुई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम सुबह कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

8 महीने का है फीमेल शावक

VTR के निदेशक सह मुख्य वन संरक्षक हेमकांत राय पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शावक के शव को सुरक्षित पाए जाने की जानकारी देते हुए कहा, ‘दो दिन पहले इसके मौत की संभावना है। मृत शावक के शरीर पर कोई भी जख्म या चोट का निशान फिलहाल नहीं दिख रहा है। सिर्फ गले व सिर पर दांत के निशान है। शावक की उम्र करीब 8 माह के आसपास है। उसके अभी दूध के भी दांत नहीं टूटे हैं।’ उन्होंने बताया कि शावक के सभी पार्ट्स सुरक्षित है।

2021 में हुई बाघों की मौत

  • 31 जनवरी 2021 को VTR के गोबर्धना वन रेंज के सिरिसिया वन क्षेत्र के पास बाघ का शव बरामद किया गया था। इसमें वर्चस्व की लड़ाई को लेकर एक बाघ ने दूसरे को मार डाला था।
  • 13 अक्टूबर 2021 को VTR के मांगुराहा रेंज में एक बाघ का शव मिला था। मौत दो बाघों के आपसी संघर्ष के कारण हुआ था।
  • 12 दिसंबर 2021 को एक बाघिन की मौत हुई थी। VTR के चकरसन मानपुर के खेत में बाघिन का शव मिला था। बाघिन की उम्र करीब 10 साल के आसपास थी, जो दो बार गर्भवती भी हो चुकी थी।