Vedant Samachar

बिलासपुर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, सरकंडा पुलिस ने आरोपी को घंटों में किया गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 13 जनवरी (वेदांत समाचार)। महिला अपराध के एक गंभीर मामले में सरकंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पीड़िता के पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 12 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2003 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। कुछ समय पहले उसका पति घर से लापता हो गया था, जिसकी तलाश वह कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान राजीव शर्मा से हुई, जिसने पति को खोजने में मदद करने का भरोसा दिलाकर पीड़िता से नजदीकियां बढ़ाईं।

आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उससे शादी करने का झांसा दिया और वर्ष 2022 में उसे राजकिशोर नगर स्थित अपने घर ले जाकर डराने-धमकाने के बाद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और लगातार शोषण करता रहा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह गर्भवती हुई थी, जिस पर आरोपी ने जबरन गर्भपात कराया। इसके बाद पुनः गर्भ ठहरने पर एक बच्ची का जन्म हुआ, जिसे आरोपी ने अपहरण करने और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506, 376(2)(एन) एवं 313 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजीव शर्मा पिता रामेन्द्र प्रसाद शर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी राजकिशोर नगर, सरकंडा को 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में बिलासपुर पुलिस की नीति जीरो टॉलरेंस की है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article