गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही, 13 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मरवाही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मरवाही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जुआ खेलते हुए 11 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद रकम सहित कुल 4 लाख 52 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि दानी कुंडी एवं उसके आसपास के क्षेत्र में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना मरवाही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी 11 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 33 हजार 500 रुपए नकद, 6 मोटरसाइकिल और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त की गई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 4 लाख 52 हजार 500 रुपए बताया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 03(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। मरवाही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।



