वन मंडल में शिकारियों ने बीट गार्ड के सीने पर अड़ा दी बंदूक

उमरिया 03 जनवरी (वेदांत समाचार)।  उमरिया वन मंडल के नौरोजाबाद रेंज में डिंडौरी जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमनी पिपरिया से शिकार करने आए शिकारियों ने बीट गार्ड के सीने पर बंदूक अड़ा दी। बीटगार्ड ने भी बिना घबराए वन विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से दो शिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चार शिकारी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए।

दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया

जानकारी के अनुसार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना सोमवार सुबह की है।

जंगली सूअर का शिकार करने पहुंचे थे

डीएफओ मोहित सूद ने बताया कि नौरोजाबाद रेंज के कर्मचारियों ने जिन दो शिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए शिकारियों में मंगलू भुमिया (60) निवासी अमनी पिपरिया जिला डिंडौरी और उसका बेटा ऐतू भुमिया (25) शामिल है।

मोटर साइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे

बताया गया है कि यह पिता-पुत्र अपने चार अन्य साथियों के साथ मोटर साइकिलों पर नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र के ग्राम सजनिया के निकट जंगली सूअर का शिकार करने पहुंचे थे। पता चला है कि शिकारियों के बारे में वन विभाग के कर्मचारियों को जानकारी लग गई थी।

शिकारियों ने भरमार बंदूक अड़ा दी और धमकी देने लगे

बीटगार्ड राम नरेश सिंह मौके पर पहुंच गए थे लेकिन शिकारियों ने उनके सीने पर भरमार बंदूक अड़ा दी और उन्हें धमकी देने लगे। हालांकि रामनरेश सिंह ने बिना घबराए शिकारियों को धरदबोचा और उनसे बंदूक छीन ली। इसी दौरान चार शिकारी मौके से भाग गए। उनकी तलाश्ा की जा रही है।