बीजापुर में पदस्थ जवान छुट्‌टी पर घर आया था, खड़े ट्रक से टकराई बाइक; मौके पर ही मौत

बिलासपुर 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। बीजापुर में पदस्थ CAF जवान सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। दरअसल, उसकी तेज रफ्तार बाइक देर रात खड़े ट्रक से टकरा गई। जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार शिव नारायण पोर्ते पिता आनंद सिंह (30 वर्ष) बिलासपुर के ग्राम सेमरिया का रहने वाला था। वह बीजापुर में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स CAF में पदस्थ था। 15 दिन पहले वह छुट्‌टी पर अपने गांव आया था। शनिवार की सुबह वह घर से निकला था। दिन भर काम निपटाने के बाद रात में वह अपने गांव जा रहा था। घटना रात करीब 11 बजे की है।

अभी वह कोटा स्थित FCI गोदाम के पास पहुंचा था। इस दौरान गोदाम के पास ट्रक खड़े थे। उसकी तेज रफ्तार बाइक ट्रक क्रमांक MP 21 H 1645 से टकरा गई। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

हादसे की सूचना के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।

हादसे की सूचना के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।

आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से पहुंचाया अस्पताल
इस हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से उन्होंने खून से लथपथ शिवनारायण को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोटा अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजन
कोटा पुलिस ने इस घटना की सूचना शिवनारायण के परिजनों को दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य देर रात अस्पताल पहुंच गए। रात होने की वजह से शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। रविवार की सुबह शव का पोस्टमॉटर्म कराया गया। फिर परिजन उसे लेकर गांव चले गए।