Vedant Samachar

NH-48 पर खड़ी पिकअप से टकराई रोडवेज बस, 25 घायल डिवाइडर पर चढ़कर रुकी, घने कोहरे के कारण हादसा

Vedant Samachar
2 Min Read

कोटपूतली-बहरोड़ ,10 जनवरी । कोटपूतली में घने कोहरे के कारण रोडवेज बस और पिकअप में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए। हादसा जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर पावटा के पास शनिवार सुबह करीब 8 बजे हुआ।

हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए। जिन्हें पावटा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से रोडवेज ड्राइवर किरण कुमार सहित तीन को जयपुर रेफर किया गया है। प्रागपुरा थाना अधिकारी भजना राम ने बताया- कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि पावटा के पास राजस्थान रोडवेज की बस और पिकअप गाड़ी की टक्कर हो गई है। हाईवे पर एक पिकअप का टायर फट गया था, जिससे वो सड़क किनारे खड़ी थी। विजिबिलिटी कम होने के कारण दिल्ली की ओर जा रही रोडवेज बस उससे टकरा गई और डिवाइडर पर चढ़ गई।

पावटा सीएचसी से एक किमी पहले हादसा
हादसा पावटा कस्बे में सीएचसी से लगभग 1 किलोमीटर पहले हुआ। घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण रोडवेज बस सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई और डिवाइडर पर चढ़ गई। घायलों में बस चालक किरण कुमार के साथ यात्री रोहिताश, प्रेम राज, ललित, जितेंद्र स्वामी, पवन कुमार योगी, अनीता देवी, अंजलि, प्रदीप, रंजीत, वंदना, रितिका, सर्वेश, रवि, दीपक सैनी, महेंद्र, दिलीप, दीपक, योगेंद्र, ईशा रानी, राजेश और रामावतार शामिल हैं।

हादसे के बाद बस में मची चीख-पुकार
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक से हुए हादसे के बाद बस में सवार सभी सकते में आ गए और बस में चीख-पुकार मच गई । छोटे छोटे बच्चे रोने लगे, लेकिन लोगों ने सभी को बस से बाहर निकाल कर एक साइड बैठाया।

Share This Article