कोरबा, 06 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित व सुगम बनाने तथा सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्घटना जन्य स्थलों, ब्लैक स्पॉट, सड़क सुधार कार्यों और जन-जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन स्थानों पर त्वरित और प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट पर ब्रेकर, स्पष्ट साइनेज, रेडियम पट्टियां लगाने के साथ-साथ पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई कर दृष्टि बाधाओं को दूर किया जाए। राजकीय राजमार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग में जुड़ने वाली सड़कों पर भी आवश्यक रूप से ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अंतर्गत सड़क निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े प्रक्रियाधीन टेंडरों को शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराने तथा प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण में तकनीकी खामियों वाले स्थलों पर सुधारात्मक उपाय तत्काल लागू करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क किनारे हाई मास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य अधिकारी को सभी पेट्रोल पंपों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात निगरानी और सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय समिति का गठन कर ब्लैक स्पॉट और अन्य दुर्घटना जन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया और सार्वजनिक उपक्रमों को अपने क्षेत्राधिकार की सड़कों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा नियमित मरम्मत और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। नो पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के खड़े होने पर सख्त प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने स्कूल और कॉलेजों में प्रति सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड के माध्यम से रंगोली, नुक्कड़ नाटक, क्विज, निबंध जैसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित कर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने की बात कही।
इसके अलावा कलेक्टर ने जिलेभर में शिविर आयोजित कर भारी और हल्की वाहन चालकों का प्राथमिकता से नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे वर्ष नियमित रूप से नेत्र जांच शिविर आयोजित कर ट्रक, बस, ऑटो चालकों, ड्राइवर संघों के सदस्यों एवं आम नागरिकों का दृष्टि परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा उपायों और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन से ही जिले की सड़कों को सुरक्षित और दुर्घटना-रहित बनाया जा सकता है। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



