जांजगीर–चांपा, 04 जनवरी (वेदांत समाचार)। 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा जिले में लगातार यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज भांठापारा, शिवरीनारायण क्षेत्र के रहौद एवं चांपा के भोजपुर बाजार में यातायात पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति सजग किया।
यह अभियान 01 जनवरी 2026 से पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। यातायात पुलिस द्वारा अब तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2500 लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विशेष जोर देते हुए जागरूकता पंपलेट का वितरण एवं पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई।
यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को समझाइश दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की अपील की गई। जांजगीर–चांपा पुलिस ने आमजन से आग्रह किया है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।



