बिलासपुर, 03 जनवरी (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने शनिवार, 03 जनवरी 2026 को बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान एसईसीएल द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत कोयलांचल क्षेत्रों में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों और सामाजिक कल्याण की विभिन्न पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निदेशक बिरंची दास ने कलेक्टर को अवगत कराया कि एसईसीएल सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कौशल विकास, पेयजल, अधोसंरचना और आजीविका सृजन जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। इन पहलों का उद्देश्य कोयलांचल क्षेत्र के समग्र और सतत विकास को गति देना तथा स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में एसईसीएल की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी द्वारा सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सार्वजनिक उपक्रमों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर एसईसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) सी. एम. वर्मा भी उपस्थित रहे। भेंट के दौरान भविष्य में प्रशासन और एसईसीएल के बीच सहयोग को और मजबूत करने तथा जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
