जांजगीर-चांपा,02जनवरी (वेदांत समाचार)। 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के द्वितीय दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा शुक्रवार को जिला मुख्यालय जांजगीर में हेलमेट जन-जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
01 जनवरी 2026 से प्रारंभ सड़क सुरक्षा माह के तहत यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा द्वारा रैली निकाली गई।
रैली को सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइक रैली पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, नेताजी चौक होते हुए नैला रेलवे स्टेशन चौक तक गई तथा वहां से पुनः नेताजी चौक, लिंक रोड के माध्यम से पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचकर संपन्न हुई।
हेलमेट जागरूकता बाइक रैली में जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी दोपहिया वाहन चलाते हुए शामिल हुए। इस दौरान आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित गति और जिम्मेदार ड्राइविंग का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने में हेलमेट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में हुई कुल मौतों में लगभग 62 प्रतिशत मौतें दोपहिया वाहन चालकों की होती हैं, जिससे स्पष्ट है कि दोपहिया वाहन चालक सड़क सुरक्षा के सबसे बड़े हितधारक हैं।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे नियमित रूप से हेलमेट का उपयोग करें, नाबालिगों को वाहन चलाने न दें और यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट पहनना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी भी है। पुलिस ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से सुरक्षित सड़कों का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



