कोरबा, 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल एवं गवर्नमेंट हाई स्कूल पोड़ीबहार की 10 मेधावी छात्राओं को भारतीय स्टेट बैंक द्वारा सीएसआर मद से साइकिल प्रदान की गई। साइकिल वितरण का कार्यक्रम साडा स्कूल परिसर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य रणधीर सिंह ने भारतीय स्टेट बैंक के रीजनल मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव, चीफ मैनेजर अनिल कुमार ओझा एवं मैनेजर एचआर धीरेंद्र कुमार का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसबीआई के रीजनल मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव ने कहा कि सीएसआर के तहत मेधावी छात्राओं को साइकिल प्रदान करने का उद्देश्य बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इससे न केवल उनके आवागमन में लगने वाला समय बचेगा, बल्कि वे उस समय का बेहतर उपयोग पढ़ाई में कर सकेंगी। उन्होंने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाने के महत्व को समझाया और साथ ही सड़क यातायात नियमों की जानकारी रखने की भी अपील की।
उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक को देश का अग्रणी बैंक बताते हुए कहा कि आय से अर्जित धन को सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा माध्यम बैंक है, इसलिए स्कूली स्तर से ही बच्चों में बैंकिंग प्रणाली की समझ विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने देश की आर्थिक उन्नति में बैंकों की भूमिका और महत्व पर भी प्रकाश डाला।
प्राचार्य रणधीर सिंह ने छात्राओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए समयबद्धता, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। नव वर्ष के प्रथम दिन साइकिल प्राप्त करने पर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं उनके पालकों ने भी इस पहल पर हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।



