कोरबा, 02 जनवरी (वेदांत समाचार) I कोरबा की होनहार बाल कलाकार शान्वी चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। शान्वी को यह गौरव भारत संस्कृतिक परिषद द्वारा आयोजित “भारत संस्कृति उत्सव 2025” के अंतर्गत आयोजित ग्लोबल प्रतियोगिता एवं फेस्टिवल ऑफ इंडियन आर्ट एंड कल्चर में कत्थक (बालकृष्णा सोलो ) में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 से 31 दिसंबर 2025 तक सारत सदन, बेहाला, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया।
शान्वी को यह सफलता प्रख्यात तबला वादक एवं कत्थक आचार्य पं. मोरध्वज वैष्णव जी से विधिवत कत्थक प्रशिक्षण प्राप्त कर निरंतर साधना करने के परिणामस्वरूप प्राप्त हुई है। उनकी कला में गुरु-शिष्य परंपरा की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। शान्वी के पिता श्री अनूप चतुर्वेदी, वर्तमान में एसबीआई लाइफ, कुसमुंडा में पदस्थ हैं, वहीं माता श्रीमती संध्या चतुर्वेदी निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं प्रोत्साहन देकर उनकी कला-साधना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि शान्वी इससे पूर्व राजनांदगांव, भिलाई एवं पुणे में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कत्थक प्रतियोगिताओं में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। शान्वी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उनके विद्यालय परिवार, गुरुजन, परिजन एवं कोरबा के सांस्कृतिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



