[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री से मारपीट मामले में कार्रवाई, एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट वीरेंद्र सेजवाल गिरफ्तार

नई दिल्ली,30दिसंबर। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई एयरपोर्ट) पर एक यात्री के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल को गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। यह घटना एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर हुई, जहां पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने पायलट पर हमला करने का आरोप लगाया था।

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए और प्रत्यक्षदर्शियों सहित संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी पायलट को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और साक्ष्यों के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

दिल्ली पुलिस के बयान के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल सोमवार को जांच में शामिल हुए और पुलिस के समक्ष पेश होकर पूछताछ में सहयोग किया। पुलिस ने कहा कि जांच उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर की जा रही है।

इससे पहले पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया था कि आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर सुरक्षा जांच के दौरान एक ऑफ-ड्यूटी एयर इंडिया एक्सप्रेस पायलट ने उनके साथ मारपीट की। अंकित दीवान ने बताया कि वह अपने परिवार और चार महीने के बच्चे के साथ यात्रा कर रहे थे। बच्चे को स्ट्रॉलर में लेकर वे सुरक्षा जांच के लिए पहुंचे थे, जहां उन्हें एक विशेष जांच क्षेत्र की ओर भेजा गया।

अंकित दीवान के अनुसार, जिस सुरक्षा जांच मशीन से उन्हें गुजरना था, वह पुरानी थी और अब तक अपग्रेड नहीं की गई थी, जबकि अन्य मशीनों को अपग्रेड कर दिया गया है, जो गिटार और स्ट्रॉलर जैसे बड़े सामान को आसानी से संभाल सकती हैं। उन्होंने बताया कि उस क्षेत्र में पहले से ही लंबी कतार लगी हुई थी, जिसमें स्टाफ मेंबर भी शामिल थे और धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती जा रही थी।

पीड़ित ने कहा कि वह यात्रियों की लाइन में खड़े थे और उनके आगे गिटार लेकर कुछ लोग भी मौजूद थे। उनके पास काफी सामान था, इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि वह बच्चे को लेडीज गेट से लेकर जाएं, जबकि वह खुद चार ट्रे, तीन बैग और एक स्ट्रॉलर संभाल रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और कथित तौर पर पायलट ने उनके साथ मारपीट की।

अंकित दीवान ने इस घटना को लेकर एयरपोर्ट ऑपरेटर डायल (DIAL), एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए (DGCA) और संबंधित एयरलाइंस पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने ऑफ-ड्यूटी एयर इंडिया एक्सप्रेस पायलट से जुड़े इस मामले में स्पष्ट कार्रवाई और जवाबदेही की मांग की है।

[metaslider id="133"]