Vedant Samachar

कोरबा : नववर्ष 2026 को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट, जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 29 दिसंबर (वेदांत समाचार)। नववर्ष 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक सुरक्षा, निगरानी एवं यातायात नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के सभी थाना, चौकी एवं यातायात पुलिस इकाइयों को विशेष सतर्कता, चेकिंग एवं निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में व्यापारी वर्ग एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर निर्धारित समय पर दुकानों को बंद रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा रात्रिकालीन समय में अनावश्यक रूप से दुकानें खुली न रखने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों को बैंक में नगद राशि जमा करते समय पूरी सतर्कता बरतने, किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना अथवा चौकी को देने की समझाइश भी दी गई है। डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा एवं डेसिबल मानक का पालन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नववर्ष के मद्देनज़र होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ भी बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सराफा बाजार, मोबाइल दुकानें, बैंक मार्गों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग कर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिले के विभिन्न पिकनिक स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलाशयों एवं नदियों की गहराई में न जाएं, किसी भी प्रकार का जोखिमपूर्ण व्यवहार न करें तथा लौटते समय शराब पीकर वाहन न चलाएं।

नववर्ष के दौरान यातायात नियमों के कड़ाई से पालन हेतु विशेष अभियान भी संचालित किया जा रहा है। चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट तथा दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वालों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, स्टंटबाजी, अवैध एवं मॉडिफाइड साइलेंसर तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारी वर्ग से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और नववर्ष 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण ढंग से मनाएं।

Share This Article