Vedant Samachar

BREAKING:भारत माला प्रोजेक्ट मुआवजा घोटाला: ईडी की रायपुर–महासमुंद में बड़ी छापेमारी

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर,29 दिसम्बर (वेदांत समाचार)। भारत माला प्रोजेक्ट से जुड़े मुआवजा घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार तड़के प्रदेश की राजधानी रायपुर और महासमुंद जिले में एक साथ छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई हरमीत खनूजा सहित उनके सहयोगियों और घोटाले से जुड़े कुछ अधिकारियों के ठिकानों पर की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर और महासमुंद में कुल लगभग 9 ठिकानों पर ईडी ने दबिश दी है। इस कार्रवाई के लिए ईडी की 7 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने सुबह एक साथ छापेमारी शुरू की।

ईडी अधिकारियों की टीमें मौके पर मौजूद रहकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान मुआवजा वितरण से जुड़े कई अहम रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

महासमुंद में यह कार्रवाई बसंत कॉलोनी स्थित कारोबारी जशबीर सिंह बग्गा के निवास पर भी की गई है। जशबीर सिंह बग्गा होंडा शोरूम के संचालक बताए जा रहे हैं। ईडी की टीम दो वाहनों में उनके घर पहुंची और दस्तावेजों की जांच में जुटी रही।

फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

Share This Article