खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बिचौलियों के खिलाफ कार्यवाही जारी

0 अब तक 38 प्रकरणों में दो हजार क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त


कोरबा 23 दिसम्बर (वेदांत समाचार)। जिले के किसानों से शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा  धान खरीदी की सम्पूर्ण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। जिले में खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा धान की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कोचियों के खिलाफ कार्यवाही भी की जा रही है। अब तक जिले में कुल 38 प्रकरणों में कोचियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए लगभग दो हजार 212 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इन कोचियों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।


गौरतलब है कि जिले में धान खरीदी के सुव्यवस्थित संचालन के लिए तथा धान की अवैध बिक्री पर रोक लगाने सतत निगरानी  के लिए अनुविभगीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त जांच टीम गठित की गयी है। इस जाँच दल द्वारा जिले के धान खरीदी केंद्रों की जाँच की जा रही है तथा अवैध धान की बिक्री पर कोचियों के खिलाफ कार्यवाही भी की जा रही है। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2021-2022 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसम्बर से की जा रही है और यह धान खरीदी 31 जनवरी 2022 तक चलेगी।