Vedant Samachar

RAIPUR : गोलबाजार में चाइनीज मांझा के खिलाफ कार्रवाई, 4 दुकानों का औचक निरीक्षण…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर ,28 दिसंबर (वेदांत समाचार)। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम रायपुर आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देशानुसार चाइनीज मांझा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय एवं रायपुर नगर पालिक निगम जोन-4 की संयुक्त टीम ने गोलबाजार क्षेत्र में पतंग दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

यह कार्रवाई नगर निगम जोन-4 के जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के मार्गदर्शन में उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति में की गई। निरीक्षण के दौरान सिटी पतंग भंडार, बूढ़ातालाब से 2 किलो, मोती पतंग भंडार, बूढ़ातालाब से 1 किलो तथा संजय पतंग भंडार, सदर बाजार से 1.5 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। सभी स्थानों से मिले चाइनीज मांझा को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा संगम काइट सेंटर, गोलबाजार का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें फायरमैन ग्रेड-2 जितेंद्र यादव, अनिल मांडगे और सुपरवाइजर सुनील क्षत्री उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी पतंग दुकान संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि चाइनीज मांझा पाया गया तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे चाइनीज मांझा का उपयोग न करें, क्योंकि यह मानव जीवन, पक्षियों और पर्यावरण के लिए अत्यंत घातक है।

Share This Article