कोरबा,28 दिसंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 23 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित ऑल इंडिया नेशनल डांस, म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स प्रतियोगिता एवं महोत्सव के अंतर्गत हुई “नाट्य नर्तन” प्रतियोगिता में कोरबा की उभरती हुई बाल कलाकार अशिका आर्या ने कत्थक नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता के दौरान अशिका की प्रस्तुति अत्यंत प्रभावशाली रही। उनकी नृत्य शैली में लय, ताल और भाव-भंगिमाओं का ऐसा सुंदर सामंजस्य देखने को मिला कि सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। निर्णायक मंडल ने उनकी प्रस्तुति को तकनीकी शुद्धता और भावनात्मक अभिव्यक्ति के लिए सर्वश्रेष्ठ माना।
अशिका प्रसिद्ध कथक गुरु रंजीत नायक के मार्गदर्शन में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वे डी.पी.एस. बालको की कक्षा चौथी की छात्रा हैं और महज पांच वर्ष की उम्र से ही मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करती आ रही हैं।
अब तक अशिका ने बिलासपुर, भिलाई और पुणे (महाराष्ट्र) सहित देश के विभिन्न शहरों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर सराहना हासिल की है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 में कोरबा जिला मुख्यालय में दी गई उनकी प्रस्तुति को भी विशेष प्रशंसा मिली थी।
अशिका आर्या के पिता बालको (वेदांता) संयंत्र में जनसंपर्क विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता शिक्षा विभाग में व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अशिका ने अपने गुरु रंजीत नायक तथा अपने माता-पिता को दिया है।



