रायगढ़, 24 दिसंबर (वेदांत समाचार)। जूटमिल थाना पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता और अवैध पशु परिवहन के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले एक माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप बोदरा पिता पाण्डु बोदरा (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम संरोक्सी, थाना केबलंग, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 नवंबर 2025 की रात्रि जूटमिल पुलिस ने कोडातराई चौक के पास सड़क किनारे खड़ी ओडिशा पासिंग स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक OR 14 Q 5327 को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा था। वाहन का चालक मौके से फरार मिला। इससे पहले थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को सूचना मिली थी कि एक ओडिशा पासिंग स्कॉर्पियो वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है।
मौके पर की गई जांच में पुलिस ने पाया कि वाहन में 5 नग मवेशियों को एक साथ रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरता के साथ अवैध रूप से बूचड़खाना ले जाने के उद्देश्य से परिवहन किया जा रहा था। चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को जप्त किया। वाहन में 2 नग जीवित मवेशी पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई। जीवित मवेशियों को जप्ती पत्रक के तहत कब्जे में लेकर ग्राम कोटवार की देखरेख में सुपुर्द किया गया, जबकि 3 नग मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने स्कॉर्पियो वाहन की चालक सीट और सामने की सीट को छोड़कर पीछे की सभी सीटें हटवा दी थीं। साथ ही वाहन में काला शीशा लगवाकर मवेशियों को छिपाकर क्रूरतापूर्वक बांधकर उनका अवैध परिवहन किया जा रहा था। इस संबंध में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 389/2025 के तहत धारा 04, 06, 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11(1) पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान जप्त वाहन के पंजीकृत स्वामी की जानकारी आरटीओ कार्यालय से प्राप्त की गई, जिसमें वाहन का पंजीकरण जिला सुंदरगढ़, ओडिशा का पाया गया। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 23 दिसंबर 2025 की रात्रि आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरेंडम बयान में स्वीकार किया कि वही स्कॉर्पियो वाहन का स्वामी है और 31 अक्टूबर 2025 की शाम उसने 5 नग मवेशियों को वाहन में लोड कर क्रूरतापूर्वक बांधकर राउरकेला (ओडिशा) स्थित बूचड़खाने ले जाने के लिए निकला था। 01 नवंबर 2025 की रात्रि लगभग 2 बजे वाहन खराब हो जाने पर वह उसे कोडातराई गांव के पास छोड़कर फरार हो गया था।
आरोपी का कृत्य गंभीर और दंडनीय पाए जाने पर जूटमिल पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जूटमिल पुलिस की इस कार्रवाई से पशुओं के प्रति क्रूरता और अवैध पशु परिवहन में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।



