हम एक हो जाएं तो राजनीति बदल देंगे : प्रियंका गांधी

रायबरेली 19 दिसम्बर (वेदांत समाचार)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगर देश की सारी महिलाएं एक हो जाएं तो हम राजनीति बदल देंगे। कांग्रेस ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है जिसमें सिर्फ स्कूटी और स्मार्ट फोन देने का वादा ही नहीं किया गया है बल्कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकार देने की बात की गई है। उन्होंने अपील किया कि आप हमें शक्ति दीजिए। हम आपको देंगे।

इसके पहले वह जिले के बछरावां क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में गईं और वहां दर्शन किए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म हमें सच्चाई और प्यार का रास्ता दिखाता है। आरएसएस और भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं। राहुल गांधी हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच के फर्क को सामने रख रहे हैं।