Vedant Samachar

सेहत के लिए वरदान और स्वाद में बेमिसाल है सरसों का साग

Vedant Samachar
3 Min Read

सर्दियों के मौसम में सरसों का साग और मक्के की रोटी का कॉम्बिनेशन न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। इसलिए सदियों से हमारी नानी-दादी सर्दी के मौसम में सरसों का साग और मक्के की रोटी जरूर बनाती आई हैं। आइए जानें सरसों का साग खाने के फायदे क्या हैं और इसे बनाने की रेसिपी।

सरसों का साग खाने के फायदे

पोषक तत्वों का खजाना- सरसों के साग में विटामिन-ए, सी, केऔर ई के साथ-साथ आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होता है।

दिल का स्वास्थ्य- इसमें मौजूद फाइबर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करता है, जो दिल की बीमारियों के जोखिम को घटाता है।

पाचन में सहायक- फाइबर की ज्यादा मात्रा पाचन क्रिया को दुरुस्त रखती है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाती है।

मजबूत इम्युनिटी- विटामिन-सी से भरपूर होने के कारण यह सर्दियों में होने वाले इन्फेक्शन, सर्दी और जुकाम से लड़ने में मदद करता है।

एंटी-ऑक्सीडेंट्स- इसमें ग्लूकोसाइनोलेट्स जैसे तत्व होते हैं जो शरीर को डिटॉक्स करने और कैंसर जैसी बीमारियों से बचाने में सहायक हो सकते हैं।

हड्डियों की मजबूती- विटामिन-के और कैल्शियम के कारण यह हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।

सरसों का साग बनाने की रेसिपी

सामग्री

सरसों के पत्ते- 500 ग्राम (बारीक कटे हुए)

पालक के पत्ते- 250 ग्राम (बारीक कटे हुए)

बथुआ के पत्ते- 150-200 ग्राम (बारीक कटे हुए)

मक्के का आटा- 2-3 बड़े चम्मच

लहसुन- 8-10 कलियां (बारीक कटा हुआ)

अदरक- 2 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)

हरी मिर्च- 3-4 (बारीक कटी हुई)

प्याज- 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)

टमाटर- 2 मध्यम (कटे हुए)

मसाले- नमक स्वादानुसार, लाल मिर्च पाउडर, हींग

तड़का- घी या सफेद मक्खन

बनाने की विधि-

सबसे पहले सरसों, पालक और बथुआ को अच्छी तरह धोकर प्रेशर कुकर में डालें। इसमें कटी हुई हरी मिर्च, आधा अदरक, थोड़ा लहसुन और नमक डालें। 1 कप पानी डालकर 2-3 सीटी आने तक उबालें।

अब उबले हुए साग से अतिरिक्त पानी छानकर अलग रख लें। अब मथानी से साग को अच्छी तरह घोटें।

अब इसमें बचा हुआ उबला पानी वापस डालकर इसे धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकने दें जब तक साग गाढ़ा न हो जाए।

अब एक अलग कड़ाही में घी गरम करें। इसमें हींग और जीरा डालें। अब कटा हुआ लहसुन, बचा हुआ अदरक और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें।

इसके बाद टमाटर और लाल मिर्च पाउडर डालें। जब टमाटर तेल/घी छोड़ दें, तो इसमें तैयार किया हुआ साग डाल दें।

सबसे लास्ट में साग को 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर मसाले के साथ पकने दें।

इसे सफेद मक्खन और मक्के की रोटी के साथ सर्व करें।

Share This Article