भाजपा के लोगों ने षड्यंत्र कर झीरम में हमारे नेताओं को मारा : भूपेश बघेल

रायपुर। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने शुक्रवार को सीएम भूपेश बघेल को षडय़ंत्रकारी कहा था। शनिवार को सीएम बघेल ने भाजपा पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि षडय़ंत्रकारी तो वे लोग हैं। झीरम में हमारे नेताओं को षडय़ंत्र करके मार डाला। अब जांच भी नहीं होने दे रहे हैं।

हेलिपैड पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा, षड्यंत्र तो वे करते हैं। कैसे लोगों को धोखा दिया जाए। कैसे लोगों की भावनाओं को भड़काया जाए। यह षडय़ंत्र प्रदेश ही नहीं देश देख रहा है। 15 लाख देने का वादा किया। झांसे में ले आये और वोट ले लिया। आज तक किसी को 15 लाख रुपया मिला नहीं। दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने को बोले थे, नहीं मिला। इसी छत्तीसगढ़ में आदिवासियों को गाय देने की बात कही थी, मिली नहीं। षडय़ंत्र करने का काम उनका है। वो दिन-रात इसी उधेड़बुन में रहते हैं कि लोगों को कैसे गुमराह किया जाए। दरअसल भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने सरकार को फेल बताया था। उन्होंने सीएम पर षड्यंत्र का आरोप लगाया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, नगरीय निकाय के पिछले चुनाव में सभी 10 नगर निगमों में कांग्रेस जीती थी। सबमें हमारे महापौर हैं। इस बार चार नगर निगम, पांच नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में चुनाव हैं। इसमें भी हम अधिकांश सीटों पर जीतेंगे। भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। ये खीज निकालने के लिए ही भाजपा आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है।

प्रदेश भाजपा राज्य में विकास कार्य ठप होने और चुनावी वादे पूरा नहीं करने का आरोप लगाकर राज्य सरकार पर लगातार हमले कर रही है। इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने करारा पलटवार किया। कहा, केंद्र सरकार और नीति आयोग हमारे कामों की सराहना कर रही है और प्रमाण-पत्र दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि फिर भाजपा किस मुंह से यहां विरोध कर रही है।

भाजपा के विरोध को लेकर पत्रकारों के सवाल के जवाब में बघेल ने कहा कि उन्हीं की केंद्र सरकार हमें लगातार पुरस्कार दे रही है। स्वच्छता के मामले में हमें लगातार तीन साल से पुरस्कार मिल रहा है। इस साल 67 पुरस्कार मिले हैं। वन विभाग को 11-11 पुरस्कार मिले हैं। महिला बाल विकास, पंचायत और गृह विभाग के भी कामों को पुरस्कृत किया गया है। केंद्र सरकार और नीति आयोग हमें प्रमाण-पत्र दे रही हंै। बघेल ने कहा कि अगर केंद्र व नीति आयोग के पुरस्कार और प्रमाण-पत्र सही हैं तो फिर भाजपा यहां झूठ बोल रही है। या फिर भाजपा बोले कि केंद्र व नीति आयोग जो सम्मान और पुरस्कार दे रही है वह गलत है।