कोरबा, 20 दिसंबर (वेदांत समाचार)। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसईसीएल कोरबा क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर कोलियरी द्वारा अंतर उप-क्षेत्रीय प्रथमोपचार प्रतियोगिता–2025 का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों एवं श्रमिकों में प्राथमिक उपचार से संबंधित ज्ञान को सुदृढ़ करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता में कोरबा क्षेत्र की विभिन्न उप-क्षेत्रीय इकाइयों से आई टीमों के लगभग 80 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि पहली बार महिला टीम द्वारा स्ट्रेचर ड्रिल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों, श्रमिक संघ प्रतिनिधियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ ही ठेका श्रमिकों की टीमों ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।
आयोजन के दौरान प्राथमिक विद्यालय के लगभग 500 विद्यार्थियों एवं महिलाओं के समक्ष प्रतिभागियों ने दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव नियंत्रण, फ्रैक्चर प्रबंधन, सीपीआर, कृत्रिम श्वसन सहित अन्य आपातकालीन प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इस पहल से समाज में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिला। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में टीमवर्क, समयबद्धता तथा सटीक निर्णय क्षमता का भी मूल्यांकन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय महाप्रबंधक कोरबा क्षेत्र आर.के. गुप्ता ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मानिकपुर कोलियरी प्रबंधन की प्रशंसा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन अत्यंत आवश्यक है, जिससे कर्मचारियों में सजगता और आत्मविश्वास बढ़ता है।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में मानिकपुर कोलियरी की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। यह आयोजन एसईसीएल में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
