रायपुर, 20 दिसंबर । रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना आरंग क्षेत्र से 5 किलोग्राम गांजा, नगद राशि और जंगली जीव गोह (गोइंहा) के साथ एक शातिर अपराधी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या समेत गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इंदिरा चौक स्थित मोनू ब्रायलर दुकान के पास एक व्यक्ति एक्टिवा वाहन में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हुकुमत साहू निवासी देवारपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा, गांजा बिक्री की नगद रकम 1 लाख 27 हजार 260 रुपये तथा एक झोले में दो नग जंगली जीव गोह (गोइंहा) बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा की अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये, नगद राशि 1 लाख 27 हजार 260 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 NX 9029 जब्त किया है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना आरंग में अपराध क्रमांक 727/25 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद किए गए दो नग जंगली जीव गोह (गोइंहा) को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हुकुमत साहू एक कुख्यात और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ थाना तेलीबांधा में हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, नारकोटिक एक्ट, चोरी, नकबजनी, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं सहित कुल 15 से अधिक अपराध दर्ज हैं। आरोपी हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा भी काट चुका है और तेलीबांधा में दर्ज एक नारकोटिक एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसमें भी उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया की जाएगी।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।



