Vedant Samachar

कोरबा के करतला में जुआ अड्डे पर पुलिस का बड़ा छापा, 28 जुआरी गिरफ्तार, ढाई लाख नगद समेत वाहन और मोबाइल जब्त, थाना प्रभारी निलंबित

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 20 दिसंबर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के जंगल से घिरे करतला क्षेत्र में संचालित एक जुआ अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब ढाई लाख रुपये नगद, 23 मोटरसाइकिल, एक कार और 35 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार चंद्रा को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि करतला क्षेत्र में खुलेआम जुआ अड्डा संचालित हो रहा है। जंगल और सुनसान इलाका होने के कारण यह क्षेत्र जुआरियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना हुआ था। स्थानीय स्तर पर भी यहां लगातार जुआ खेलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से ढाई दर्जन से अधिक जुआरियों को पकड़ा।

छापेमारी के दौरान जुआरियों के पास से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद की गई, साथ ही बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई कर इसे कानूनी रूप से प्रमाणित किया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक ने करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार चंद्रा को इस लापरवाही का जिम्मेदार माना है। जुआ अड्डों पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को रोकने में विफल रहने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में ऐसे अड्डों की पहचान कर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

Share This Article