राजनांदगांव, 29 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में लंबे समय से खुलेआम चल रहे अवैध सट्टा पट्टी कारोबार पर आखिरकार पुलिस की सख्ती शुरू हो गई है। जिले की तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए डोंगरगढ़ थाना प्रभारी उपेंद्र शाह को उनके पद से हटा दिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, उपेंद्र शाह को रक्षित केंद्र राजनांदगांव में लाइन अटैच किया गया है। वहीं, डोंगरगढ़ थाने की नई जिम्मेदारी उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे को सौंपी गई है। यह आदेश 28 अक्टूबर से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में डोंगरगढ़ क्षेत्र में सट्टा-पट्टी के अवैध कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसको लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश भी बढ़ रहा था। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई यह कार्रवाई न केवल प्रशासनिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है, बल्कि इससे पुलिस विभाग की जवाबदेही और साख को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि नई थाना प्रभारी की नियुक्ति के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी और कानून व्यवस्था में और सुधार देखने को मिलेगा।



