BIG BREAKING KORBA:कोयला की जंग में रक्तपात, खदान के गेट पर कत्ता-तलवार के साथ गोली भी चली,पाली में ट्रांसपोर्टर गैंगवार में एक की मौत, कोयला विवाद से तनाव देखे लाइव वीडियो…..

पाली में कोयला खदान पर वर्चस्व की लड़ाई में ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की हत्या

कोरबा,29 मार्च (वेदांत समाचार)। पाली थाना क्षेत्र में कोयला खदान पर वर्चस्व की लड़ाई में एक ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, खदान पर दबदबे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद पाली शहर में आक्रोश फैल गया है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले से इस विवाद की जानकारी थी, लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। रोहित के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। इस घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पाली शहर को बंद रखने का ऐलान किया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज शर्मा ने घटना की निंदा की है और पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पाली नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने भी घटना की निंदा की है और पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इस मामले में मृतक के भाई ने घटनाक्रम सहित नामजद शिकायत थाना में दर्ज कराया है। उसने कहा है कि अब इस आग में पूरा कोरबा जलेगा। आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक रोहित जायसवाल का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम व हत्या में पाली थाना प्रभारी विनोद सिंह और सरायपाली के सब एरिया मैनेजर चौहान को भी जिम्मेदार ठहराते हुए इन पर भी अपराध दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस मामले में विवेचना कर रही है।