CG News : न्यायधानी में बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन एक तरफ सख्ती के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर संक्रमण को खुला निमंत्रण दिया जा रहा है। संक्रमण को रोकने के लिए जहां चिकन दुकानों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं, वहीं दूसरी ओर चूजों की सप्लाई खुलेआम जारी है।
रविवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में चूजों की खेप पहुंची, जिसे खुले तौर पर उतारा गया। जानकारी के अनुसार ये चूजे दिल्ली से मंगाए गए थे। इस दौरान न तो कोई खास सुरक्षा इंतजाम नजर आया और न ही प्रशासन की निगरानी। सबसे अहम सवाल यह है कि जब बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए पोल्ट्री कारोबार पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, तब इस तरह चूजों की सप्लाई कैसे जारी है। यह स्थिति संक्रमण फैलने के खतरे को और बढ़ा सकती है।वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में चूजों को बिना किसी रोक-टोक के स्टेशन पर उतारा जा रहा है। इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
