[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

चरखी दादरी: झरना घाट क्षेत्र में कार पर पथराव, हमले में तीन युवक घायल

चरखी दादरी,07 सितम्बर । झरना घाट क्षेत्र में शुक्रवार रात कार सवार युवकों पर पथराव और हमले की घटना सामने आई है। इस हमले में लाधान पाना निवासी पवन, सुभाष चौक निवासी सचिन और सैनीपुरा निवासी मोहित घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।

घायल युवकों ने बताया कि 4 सितंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे वे यादव धर्मशाला से दशनामी अखाड़ा की ओर जा रहे थे। झरना घाट के पास किसी ने उनकी कार पर पत्थर फेंक दिया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। इसके तुरंत बाद हाथों में पत्थर और डंडे लिए कई युवक वहां पहुंचे और कार में सवार तीनों पर हमला कर दिया।

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

शहर थाना प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों के बयान दर्ज करने के लिए जांच अधिकारी को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

[metaslider id="133"]