[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

नारनौल में फूड फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

नारनौल के निजामपुर रोड पर जोरासी गांव के पास स्थित बंसल फूड फैक्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। हादसा करीब रात 2 बजे हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के पास ही पेट्रोल पंप और स्नैक्स सप्लाई एजेंसी स्थित होने से खतरा और बढ़ गया था। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड ने स्थिति पर काबू पा लिया।

करोड़ों का नुकसान

आग लगने से फैक्ट्री में लगी मशीनें, कच्चा और तैयार माल पूरी तरह जलकर राख हो गया। फैक्ट्री मालिक राकेश बंसल के अनुसार, इस हादसे में उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। फैक्ट्री में चिप्स, नमकीन, कुरकुरे और बिस्किट का उत्पादन किया जाता था।

देर से मिली सूचना

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़की। पास स्थित पेट्रोल पंप संचालक ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग काफी फैल चुकी थी।

14 दमकल वाहन लगे

शुरुआत में 2 दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन आग काबू में न आने पर अतिरिक्त 12 वाहनों को बुलाना पड़ा। करीब 5 से 6 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मालिक को गहरा झटका

इस हादसे ने फैक्ट्री मालिक राकेश बंसल और उनके भाई मनीष बंसल को गहरा झटका दिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

[metaslider id="133"]