[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

चैंपियंस ट्रॉफी : रोहित शर्मा छक्के मारने का विशेष अभ्यास करते हैं ? खुद किया खुलासा, खेल को लेकर कही ये बात

नईदिल्ली ,02मार्च 2025 : भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा आक्रामक शुरुआत के लिए जाने जाते हैं और चैंपियंस ट्रॉफी में भी इसी शैली से बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित भले ही अब तक दो मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं, लेकिन उन्होंने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले खेल के बारे में अपनी राय रखी और यह भी बताया कि क्या वह छक्के मारने के लिए कोई विशेष अभ्यास करते हैं।

अच्छी फॉर्म में दिख रहे हैं रोहित
भारतीय टीम ग्रुप चरण में शुरुआती दो मैच जीतकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। भारत का सामना अब रविवार को न्यूजीलैंड से होगा। कप्तान रोहित शर्मा पर इस मैच में टीम को एक बार फिर मजबूत शुरुआत दिलाने का जिम्मा रहेगा। रोहित ने अब तक इस चैंपियंस ट्रॉफी में 30.50 के औसत और 119.60 के स्ट्राइक रेट से 61 रन बनाए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 41 रन और पाकिस्तान के खिलाफ 20 रन बनाए थे।

रोहित बोले-मजबूती-कमजोरी पर ध्यान देता हूं
आईसीसी ने एक वीडियो जारी किया जिसमें रोहित खेल के बारे में बात कर रहे हैं। रोहित ने कहा, खेल को खेलने का कोई रहस्य नहीं होता। ईमानदारी से कहूं तो व्यक्तिगत खेल के लिए आपको बस कड़ी मेहनत करनी होती है। ऐसा में मैं भी करता हूं। एक खिलाड़ी के तौर पर मैं क्या हूं इसे समझने के लिए मेहनत करता हूं। मैं यह जानने की कोशिश करता हूं कि मेरी मजबूती और कमजोरी क्या है। इसे समझकर ही मैं खेलने उतरता हूं।

रोहित ने कहा, मैं छक्के लगाने के लिए विशेष रूप से अभ्यास नहीं करता हूं। यह बस समय की बात है क्योंकि मैं नई गेंद से खेलता हूं और जब गेंद अच्छी होती है तो आपको बस सही समय में शॉट खेलना होता है। मेरा ध्यान भी उसी पर केंद्रित रहता है। इसी जगह बल्लेबाज की तकनीक देखी जाती है, जहां आप चाहते हैं कि आपकी ताकत मैदान पर दिखे। मैं बस चीजें आसान रखने की कोशिश करता हूं। दिखने में चीजें आसान लगती है, लेकिन ऐसा होता नहीं है। मैं मैदान पर जो भी हासिल करता हूं उसके पीछे काफी मेहनत होती है।

[metaslider id="133"]