[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

KORBA जिले के सुदूरवर्ती बस्तियों में डीएमएफ से मिनी आंगनबाड़ी केंद्र का होगा संचालन, कलेक्टर ने तैयारी पूर्ण करने के दिए निर्देश


कोरबा, 17 जून 2025 । कलेक्टर अजीत वसंत ने समय-सीमा बैठक लेकर विभागवार कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन करने एवं आमजनों को प्राथमिकता से लाभांवित करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने एवं समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रख कर कार्यक्रम स्थल का चयन करें, जिससे योगाभ्यास के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

धरती आबा अभियान के तहत शिविर में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश


कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे शिविर के संबंध में जानकारी लेते हुए शिविर में जनजाति बाहुल्य क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता से शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी से शाला में प्रवेश लेने वाले छात्रों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान करने के निर्देश


कलेक्टर ने चालू शैक्षणिक सत्र में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों से निकलकर प्राथमिक शाला में प्रवेश लेने वाले बच्चों का शाला प्रवेश के साथ ही उन्हें एक सप्ताह के भीतर जाति प्रमाण पत्र प्रदान करने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया।

सुदूरवर्ती बस्तियों में मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालन की तैयारी पूर्ण करने के निर्देश


कलेक्टर ने जिले के सुदूरवर्ती इलाकों में आंगनबाड़ी केंद्रों की आवश्यकता वाले बसाहटों, पारा, मोहल्लों में डीएमएफ के माध्यम से मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित करने हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने निर्देशित किया।

विद्युत विभाग को बरसात के दिनों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश


कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बरसात के दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक विद्युत बाधित नहीं होनी चाहिए।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान चलाकर आधार अपडेशन का कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। साथ ही अधिकारी कर्मचारियों की लंबित विभागीय जांच की कार्यवाही भी शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए।

[metaslider id="133"]