[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

Breaking News:रूसी ड्रोन हमलों से यूक्रेन खारकीव में भारी तबाही 2 लोगों की मौत, 60 घायल…

कीव,11जून 2025: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर खौफनाक मोड़ आया है। बीती रात रूस की ओर से किए गए व्यापक ड्रोन हमलों ने यूक्रेन के खारकीव सहित कई इलाकों को झकझोर कर रख दिया। हमलों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा नागरिक घायल हो गए हैं, जिनमें कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार रूस ने कुल 85 ड्रोन तैनात किए, जिनमें से अधिकतर “शहीद” मॉडल के थे। ये ड्रोन खारकीव शहर समेत देश के अन्य क्षेत्रों को निशाना बना रहे थे। हालांकि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने सक्रियता दिखाते हुए 40 ड्रोन को मार गिराया, लेकिन शेष ड्रोन रिहाइशी इलाकों तक पहुंचने में सफल रहे।

दो रिहाइशी इलाकों पर 17 ड्रोन हमले खारकीव शहर एक बार फिर हमले की प्रमुख ज़द में रहा, जहां दो रिहाइशी इलाकों पर लगातार 17 ड्रोन हमले हुए। शहर के मेयर इहोर तेरेखोव ने हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि “हमले उन जगहों पर किए गए जहां आम नागरिक शांति से जीवन बिता रहे थे। यह स्पष्ट रूप से मानवीय और युद्ध नैतिकता के खिलाफ है।” स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनिहुबोव के अनुसार, मरने वालों की संख्या फिलहाल दो है, लेकिन घायलों की स्थिति को देखते हुए यह संख्या बढ़ भी सकती है। घायलों में नौ बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र दो से पंद्रह वर्ष के बीच है। सभी को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और आपातकालीन सेवाएं पूरी मुस्तैदी से राहत कार्य में जुटी हैं।

हमलों से हुई भारी तबाही रातभर जारी धमाकों और सायरनों के बीच खारकीव वासियों ने भयावह रात गुजारी। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और सैकड़ों लोग अस्थायी शरण स्थलों में रहने को मजबूर हैं। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय युद्ध को रोकने की अपील कर रहा है। यूक्रेनी सरकार ने हमलों की निंदा करते हुए इसे नागरिकों पर सीधा हमला बताया है और अंतरराष्ट्रीय मदद की मांग की है।

[metaslider id="133"]