[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

जापान में अमेरिकी कडेना एयर बेस में हुआ धमाका, चार SDF कर्मी घायल…

जापान,09जून 2025 : जापान के ओकिनावा प्रांत में स्थित अमेरिकी कडेना वायुसेना अड्डे पर सोमवार को हुए एक अप्रत्याशित विस्फोट ने हड़कंप मचा दिया। इस विस्फोट में जापानी आत्मरक्षा बल (एसडीएफ) के चार सदस्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एसडीएफ के कर्मी बम निष्क्रिय करने की एक नियमित प्रक्रिया की तैयारी कर रहे थे।

जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके की रिपोर्ट के मुताबिक : धमाका एक अस्थायी गोला-बारूद भंडारण इकाई में हुआ, जिसका उपयोग अप्रयुक्त और निष्कासित सैन्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए किया जा रहा था। यह इकाई एसडीएफ द्वारा संचालित की जा रही थी और अमेरिकी सैन्य बेस के भीतर स्थित है। स्थानीय अग्निशमन विभाग को सुबह करीब 11:20 बजे (स्थानीय समयानुसार) विस्फोट की सूचना मिली। जब राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे, तो वहां चार एसडीएफ कर्मी घायल अवस्था में मिले, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सौभाग्यवश, किसी की भी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।

एजेंसियां कर रही गहन जांच : वर्तमान में जापानी पुलिस और सैन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल की गहन जांच कर रही हैं। अब तक विस्फोट के पीछे किसी संभावित तकनीकी चूक या मानवीय त्रुटि की पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी एहतियाती जांचें जारी हैं।हालांकि विस्फोट अमेरिकी सैन्य अड्डे के भीतर हुआ, लेकिन स्थानीय निवासियों के लिए कोई खतरा उत्पन्न नहीं हुआ है। अब तक आस-पास के इलाकों में किसी भी तरह की निकासी का आदेश जारी नहीं किया गया है।

[metaslider id="133"]