[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

गेवरा-दीपका के विश्राम नगर में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखिए वडियो

राजू तिवारी,कोरबा,30 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र अंतर्गत पाली रोड स्थित झाबर के विश्राम नगर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज और ऊंची थीं कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से पहले चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए, वहीं कुछ लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ट्रांसफार्मरों की स्थिति खराब बनी हुई है। कई स्थानों पर बिजली के तार खुले हुए हैं और कई तार जल चुके हैं, जिससे आए दिन शॉर्ट सर्किट की स्थिति बनती रहती है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार बिजली विभाग से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग द्वारा सुधार कार्य कराया गया होता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही इसकी वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

[metaslider id="133"]