जांजगीर चांपा, 28 मार्च (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा पुलिस को अपहरण और अनाचार के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना जांजगीर क्षेत्र में दर्ज प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने दिल्ली-नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी पिसौद थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के खिलाफ पीड़िता के परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 28 दिसंबर 2025 की रात आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जांजगीर में अपहरण और अनाचार की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी और अपहृता की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली के नोएडा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही जांजगीर पुलिस की टीम तत्काल रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। साथ ही पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पीड़िता को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगाया और उसके साथ अनाचार किया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलदास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी और आरक्षक दुर्गेश खूंटे का विशेष योगदान रहा, जिनकी सराहना की जा रही है।
